गर्भवती महिला को दी एयर एम्बुलेंस की सुविधा

Share This

श्रीनगर गढ़वाल(आरएनएस)।  खिर्सू ब्लाक के चिमल्यूं गांव की 28 वर्षीय गर्भवती महिला सविता की तबीयत अचानक बिगड़ने पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एयर एंबुलेंस के माध्यम से महिला को एम्स ऋषिकेश भिजवाया। इससे पहले गर्भवती महिला पौड़ी अस्पताल में भर्ती थी। स्थिति गंभीर होने पर महिला को बेस अस्पताल श्रीनगर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला की हालत को देखते हुए उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता बताई। संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल एयर एंबुलेंस की व्यवस्था करने के आदेश दिए। एयर एंबुलेंस की मदद से सविता को सुरक्षित एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया जायेगा। महिला के पति विपिन सिंह ने कहा कि समय पर एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध न होती तो उनकी पत्नी और बच्चे की जान पर संकट आ सकता था। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश रावत ने बताया कि महिला का बीपी और शुगर लेवल बढ़ा हुआ था। महिला का यह पहला प्रसव था, इसलिए ऐसी स्थिति में जटिलताएं आना सामान्य है। महिला और शिशु दोनों के स्वास्थ्य को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर उन्हें एयर एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।

“प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हर मरीज को समय पर बेहतर और सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराया जाए, चाहे वह कितना भी दूरस्थ क्षेत्र से क्यों न हो। खिर्सू ब्लाक की गर्भवती महिला की स्थिति नाजुक होने की सूचना मिलते ही मैंने अधिकारियों को तत्काल एयर एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। हमारी प्राथमिकता मरीज की जान बचाना और उसे उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा तक पहुंचाना है। – डॉ धन सिंह रावत, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड