अल्मोड़ा। जागेश्वर विधानसभा के डोल मंडल में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘विकसित भारत का अमृत काल – सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंडल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यशाला में वक्ताओं ने केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और नीतियों ने भारत को आत्मनिर्भर, सक्षम और समृद्ध राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है। वक्ताओं ने अनुच्छेद 370 और 35A की समाप्ति, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक पर प्रतिबंध, नागरिकता संशोधन कानून, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, आत्मनिर्भर भारत अभियान, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और जनधन योजना जैसी पहलों को देश की दिशा बदलने वाला बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि मंडल कार्यशालाओं का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराना और इन योजनाओं की जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ को धरातल पर उतारने के लिए संकल्पित है। दुग्ध संघ अध्यक्ष गिरीश खोलिया ने कहा कि केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीतियों के चलते आज देश में एक नए युग की शुरुआत हुई है, जिसमें विकास का लाभ सीधे गांव-गांव तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव आमजन की जिंदगी में सकारात्मक परिवर्तन लेकर आया है और इसका श्रेय भाजपा सरकार की नीति और नीयत को जाता है। मंडल अध्यक्ष दिनेश पांडे ने कार्यक्रम में सभी का स्वागत करते हुए मंडल में चल रहे संगठनात्मक कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि संगठन की जड़ें बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष खीम बिष्ट, पूर्व अध्यक्ष त्रिलोक रावत और हरीश बोरा, प्रदेश सह सोशल मीडिया प्रभारी पूनम पालीवाल, महामंत्री गोविंद खोलिया, शंकर बोरा, उपाध्यक्ष रमेश बोरा, रमेश नयाल, मंडल मंत्री दीपा देवी, प्रकाश त्रिकोटी, जीवन बिष्ट, भुवन पांडे, धन सिंह, जगदीश बिष्ट, देवकी बिष्ट, भास्कर धनखोला, दिनेश बोरा, चतुर सिंह, महेंद्र मेर, तारा बजेठा, नवीन बजेठा, कुंदन फर्त्याल समेत कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।