देहरादून(आरएनएस)। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी एवं मुख्य मीडिया समन्वयक राजीव महर्षि ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर छठ पूजा पर आठ नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में बिहारी महासभा की ओर से भी अनुरोध किया गया है। उनकी मांग पर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाए। महर्षि ने कहा कि इससे पहले भी छठ पूजा पर एक दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित रहा है। दशकों से बिहारी समाज उत्तराखंड के नवनिर्माण में भागीदार बना है। सभी संस्कृतियों का सम्मान करने और उन्हें पुष्पित पल्लवित होने का अवसर देवभूमि में सदा से मिलता रहा है। इस बार छठ पूजा पर सार्वजनिक अवकाश घोषित न होने से बिहारी महासभा निराश है। इसीलिए महासभा ने सरकार को प्रत्यावेदन भी दिया है। महर्षि ने मुख्यमंत्री से लोक महत्व के इस विषय पर अविलम्ब सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आठ नवम्बर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है।