लमगड़ा पुलिस ने नष्ट की 25 नाली भूमि पर भांग की खेती

Share This

अल्मोड़ा। जनपद की लमगड़ा पुलिस ने 25 नाली भूमि पर भांग की खेती को नष्ट किया है। एसएसपी देवेन्द्र पींचा के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025 के लक्ष्य को लेकर नशे के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। नशा उन्मूलन अभियान के तहत जनपद पुलिस द्वारा सक्रियता के साथ लगातार नशे के सौदागरों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है, साथ ही चरस व गांजा जैसे मादक पदार्थों की जड़ भांग की खेती के विनिष्टीकरण की कार्यवाही करते हुए ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। शुक्रवार को सीओ थानाध्यक्ष लमगड़ा राहुल राठी के नेतृत्व में लमगड़ा पुलिस बल द्वारा ग्राम खांकर व उसके आस-पास के क्षेत्र में अभियान चलाकर लगभग 25 नाली भूमि में भांग की खेती को नष्ट किया गया। इसके उपरांत थानाध्यक्ष लमगड़ा द्वारा ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर भांग की खेती नहीं करने के सम्बन्ध में जागरुक किया गया तथा नशा मुक्त अभियान में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।