अल्मोड़ा(आरएनएस)। शारदीय नवरात्री की नवमी पर सोमवार को नगर में कन्या पूजन किया गया। लोगों ने मंदिरों और घरों में कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर पूजा की और उपहार व दक्षिणा भी प्रदान की। कुछ लोगों ने अष्टमी पर कन्याएं पूजीं तो कुछ ने नवमी पर कन्या पूजन किया। मंदिरों में हवन-पूजन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। वहीं मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। लोगों ने सुबह ही घरों में प्रसाद बनाकर भोग लगाया और मोहल्लों में कन्याओं का पूजन किया। वहीं कई लोगों ने सामूहिक रूप से नंदादेवी सहित अन्य मंदिरों में कन्या पूजन किया। नवमी पर मंदिरों में भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन करने पहुंचे। नवमी पर श्रद्धालुओं ने विधि विधान से पूजा कर मां के दरबार में नारियल, चुनरी, श्रृंगार का सामान चढ़ाकर मां का आशीर्वाद लिया। शाम को मंदिरों व घरों में लोगों ने भजन-कीर्तन किए।