535 करोड़ की सीवर-पेयजल योजना पर यूकेडी ने उठाए सवाल

Share This

विकासनगर(आरएनएस)। 535 करोड़ रुपये की सीवर एवं पेयजल योजना के निर्माण कार्यों से नगर की सड़कों की बदहाली और कथित अनियमितताओं के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने मोर्चा खोल दिया है। कार्यकर्ताओं ने सोमवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच कराने की मांग की। इस संबंध में तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे उक्रांद के कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद तोमर ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की योजना में कार्यदायी संस्था ने स्थानीय परिस्थितियों और बरसात के मौसम का ध्यान नहीं रखा। लंबे समय तक काम धीमी गति से चलने के बाद अब नगर क्षेत्र में एक साथ बड़े पैमाने पर सड़कों की खुदाई की जा रही है। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई सड़कों की स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बारिश के बीच खोदी गई सड़कों पर कीचड़ और पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर गहरे गड्ढे और सड़क की सतह से ऊंचे सीवर चैंबर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। तोमर ने सवाल उठाया कि बरसात के दौरान बड़े पैमाने पर सड़कों की खुदाई से पहले सुरक्षा और वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था क्यों नहीं की गई। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए योजना के काम में तेजी लाने का राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन की ओर से गठित जांच कमेटी की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। उक्रांद ने मांग की कि मामले की जांच किसी स्वतंत्र एवं बाहरी तकनीकी संस्थान से कराई जाए। साथ ही खोदी गई सड़कों को तत्काल सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाने, गहरे गड्ढों को भरने, ऊंचे सीवर चैंबरों को सड़क के निर्धारित स्तर पर लाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालो में भूपेंद्र सिंह नेगी, अनिल पवार, अक्षय, रवि पाल, यशपाल सिंह नेगी, हर्षित चौधरी, आयुष राणा आदि शामिल रहे।