अल्मोड़ा: उन्नीस साल से फरार मफरूर हरियाणा निवासी पिथौरागढ़ से गिरफ्तार

Share This

अल्मोड़ा। फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसएसपी अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत द्वाराहाट पुलिस ने 19 वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को पिथौरागढ़ से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी सुभाष चन्द्र आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले में वर्ष 2006 से फरार था। द्वाराहाट न्यायालय द्वारा 21 जुलाई 2017 को सुभाष चन्द्र को मफरूर घोषित किया गया था। आरोपी बार-बार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था और इससे पहले कई बार पुलिस टीमें उसे पकड़ने के लिए उसके पैतृक जनपद झज्जर (हरियाणा) भेजी जा चुकी थीं, लेकिन वह गिरफ्त से बचता रहा। सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष द्वाराहाट अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 30 मई की रात को पिथौरागढ़ के घंटाघर क्षेत्र में मैन चौराहे से पोस्ट ऑफिस की ओर जाने वाले मार्ग पर सुभाष चन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुभाष चन्द्र पुत्र राम किशन, निवासी बामनौली, थाना बहादुरगढ़, जिला झज्जर (हरियाणा) के रूप में हुई है। यहाँ कार्रवाई में द्वाराहाट थाने के अपर उपनिरीक्षक भगवान सिंह और कांस्टेबल हेमन्त सिंह शामिल रहे।