ऋषिकेश। डोईवाला चीनी मिल के अधिशासी निदेशक दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि मिल की क्षमता कम नहीं हुई है। इस वर्ष मिल ने 140 दिन में 31 लाख कंतल से अधिक गन्ना पेराई कर तीन लाख कुंतल चीनी का उत्पादन किया है। अधिशासी निदेशक ने कहा कि पेराई सत्र 2022-23 की समाप्ति रविवार सुबह छह बजे कर दी गई। इस पेराई सत्र में मिल कर्मचारियों, अधिकारियों एवं कृषकों के सहयोग से कई उपलब्धियां चीनी मिल के खाते में जुड़ी हैं। पिछले कई वर्षों से मिल के जर्जर होने, मशीनरी पुरानी होने का मिथक तोड़ते हुए वर्तमान पेराई सत्र 2022-23 में मात्र 140 दिन में 31 लाख 28 हजार 744 कुंतल गन्ना पेराई की गई। इसमें 3 लाख 8 हजार 320 कुंतल चीनी का उत्पादन हुआ। जबकि पिछले पेराई सत्र 2021-22 में 152 दिन में कुल 28 लाख 71 हजार 890 कुंतल गन्ना पेराई कर 2 लाख 63 हजार 710 कुंतल चीनी का उत्पादन हुआ था। पिछले पेराई सत्र की अपेक्षा इस सत्र में लगभग 12 दिन पूर्व 2,56,854 कुंतल अधिक गन्ना पेराई कर पिछली बार से अधिक चीनी का उत्पादन किया गया। प्लान्ट यूटिलाइजेशन लगभग 90 प्रतिशत है। इस सत्र में कृषक विश्राम गृह, केन यार्ड का निर्माण, सीसी रोड का निर्माण, सुलभ शौचालय, स्वच्छ पेयजल एवं कैन्टीन की व्यवस्था आदि करवाया गया।